मंत्र जाप से पाएं बाधाओं से मुक्ति || Vaibhav Vyas


मंत्र जाप से पाएं बाधाओं से मुक्ति  

मंत्र जाप से पाएं बाधाओं से मुक्ति किसी भी कार्य की सिद्धि उसमें व्यक्त विश्वास और श्रद्धा पर निहित होती है। ऐसे ही आध्यात्मिक जगत में मंत्रों का प्रभाव भी उसी अनुरूप फलित होने वाला रहता है। सच्ची श्रद्धा और भक्ति से मंत्र जाप शीघ्र फलदायी रहता है। प्राचीनकाल से ऋषि-मुनियों और देवताओं ने मंत्रों की रचना कर उनका विधिवत प्रयोग किया। इन मंत्रों में सभी तरह की शक्तियां विद्यमान होती हैं, जिनसे किसी भी तरह के संकट- चाहे वह मानसिक हो, शारीरिक हो, भौतिक हो या फिर आध्यात्मिक हो- सभी का समाधान उनमें समाहित किया गया है। इसीलिए नित्य नियम की पूजा-उपासना के पश्चात् किसी भी मंत्र का जाप भी प्रतिदिन नियमपूर्वक किया जाए तो उसका प्रभाव भी उसी के अनुरूप मिलने वाला होता है। शारीरिक कष्टों का निवारण भी पूर्व में मंत्र शक्ति द्वारा किया जाता था, और आज भी उन्हें विश्वासपूर्वक काम में लिया जाए तो वैसा ही परिणाम मिलने वाला रहता है। ऐसे श्री भगवान विष्णु जी के पूजन और उनके मंत्रों के जाप से जीवन में आने वाली बाधाएं समाप्त होती हैं और भगवान से क्षमा मांगने पर वे जाने-अनजाने में किए गए पाप भी क्षमा कर देते हैं। भगवान विष्णु सच्चे मन से की गई पूजा, स्मरण, भजन और मंत्र जाप से शीघ्र प्रसन्न होते हैं। भगवान विष्णु के मंदिर या घर पर भी उनकी प्रतिमा या चित्र का पूजन किया जा सकता है। शास्त्रों के अनुसार उन्हें पीले पुष्प, पीले मिष्ठान्न और पीत वस्त्र चढ़ाने का विधान है। उन्हें पवित्र जल से स्नान करवाकर गाय के घी से दीपक जलाना चाहिए। उन्हें चंदन, प्रसाद, पुष्प आदि चढ़ाने चाहिए। विधिवत पूजन करने के बाद उनके किसी एक मंत्र का तुलसी की माला से 108 बार जाप नियमित नियमपूर्वक करना चाहिए। मंत्र जाप के बाद आरती करें और भगवान को प्रणाम करें। वैसे तो श्री विष्णु हरि के कई मंत्र हैं जिनका प्रयोग किया जाता है, फिर भी कुछ मंत्रों को यहां दिया जा रहा है जिनमें से किसी भी मंत्र का जाप करने से परेशानियां कम होकर सुख-शांति और समृद्धि मिलने वाली रहती है। ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय ऊँ नमो नारायणाय नम: शान्ताकारं भुजगशयनं पद्मनाभं सुरेशं विश्वाधारं गगनसदृशं मेघवर्ण शुभांगम्। लक्ष्मीकान्तं कमलनयनं योगिभिध्यार्नगम्यम् वन्दे विष्णुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम्॥ अगर रोज मंत्र जाप और विधिवत पूजन नहीं कर सकते तो सच्चे मन से प्रतिदिन उन्हें प्रणाम करने मात्र से भी भगवान विष्णु कृपा करते हैं।

Comments