भक्ति-भाव से की गई पूजा से शीघ्र प्रसन्न होते हैं भोलेनाथ || Vaibhav Vyas


भक्ति-भाव से की गई पूजा से शीघ्र प्रसन्न होते हैं भोलेनाथ  


भक्ति-भाव से की गई पूजा से शीघ्र प्रसन्न होते हैं भोलेनाथ सनातन संस्कृति में व्रत-उपवास का बहुत महत्व है। भगवान शिव को खुश करने के लिए तो अक्सर महिलाएं और पुरुष सोमवार का व्रत रखते हैं। जहां पुरुष अपनी मनोकामनाएं पूरी करने के लिए व्रत रखते हैं। वहीं कुंवारी लड़कियां मनपसंद जीवनसाथी पाने के लिए और सुहागिन महिलाएं सदा सौभाग्य रहने की कामना के साथ व्रत का पालन करती हैं। कहा जाता है कि भगवान शिव ही अकेले ऐसे देव हैं, जिन्हें प्रसन्न करना बहुत ही आसान है। भोलेनाथ भक्तों की भक्ति और श्रद्धा को देखकर उन्हें मनचाहा वरदान देते हैं। भगवान शिव को खुश करने के लिए उनके निमित्त व्रत और पूजा तो की जाती है। उसके साथ-साथ कुछ सरल उपाय भी कर लिए जाएं तो शिव जी की कृपा जल्दी ही मिल जाती है।  भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए सुबह नहाने के बाद सफेद, हरे, पीले, लाल और आसमानी रंग के वस्त्र पहनकर ही पूजा करें क्योंकि माना जाता है कि पुराणों में रंगों का भी पूजा से विशेष महत्व जोड़ा गया है। जिन जातकों को मेंटल स्ट्रेस अथवा किसी भी तरह की परेशानी रहती है, उन्हें सोमवार के दिन सफेद वस्तुओं का दान करना चाहिए। दूध, सफेद रंग के वस्त्र, दही, साबुत चावल, खीर आदि शिवालय में चढ़ाने से भगवान शिव के साथ-साथ चन्द्र देव की कृपा भी प्राप्त होती है। शिव रक्षा स्त्रोत का पाठ करने से भगवान शिव का आशीष तो प्राप्त होता ही है, साथ-साथ पैसों की कमी भी दूर होती है। घर में धन का प्रवाह बढ़ाने के लिए सोमवार, प्रदोष और मासिक शिवरात्रि के दिन कच्चे चावल में काले तिल मिलाकर दान करें।  पितृ दोष से छुटकारा प्राप्त करने के लिए भी यह उपाय बहुत कारगार हैं। जिन लोगों की कुंडली में चंद्र ग्रह का अशुभ प्रभाव चल रहा होता है, उन्हें सोमवार के दिन सफेद रंग के वस्त्र पहनने चाहिए और माथे पर चंदन का तिलक लगाकर ही घर से निकलना चाहिए। ऐसा करने से नकारात्मक प्रभाव दे रहा सोम सकारात्मकता में परिवर्तित हो जाएगा। सोमवार के दिन भगवान शिव को अक्षत, चंदन, धतूरा, दूध, गंगा जल और बेलपत्र से पूजा करनी चाहिए। ऐसा करने से हजारों समस्याएं पल भर में दूर हो जाती हैं। सोमवार को भगवान शिव को घी, शक्कर और गेहूं के आटे से बना हुआ चूरमा भोग स्वरूप लगाएं। ऐसा करने से घर में होने वाले दिन-रात के क्लेश से छुटकारा मिलता है और सुख-शांति व खुशहाली बनी रहती है।

Comments