बरगद के पेड़ में त्रिदेवों का वास || Vaibhav Vyas


 बरगद के पेड़ में त्रिदेवों का वास

हिंदू धर्म में बरगद के पेड़ का विशेष महत्व माना जाता है। हिंदू परंपरा के अनुसार बरगद के पेड़ की पूजा की जाती है। यह पेड़ बहुत ही विशाल होता है। माना जाता है कि इस पर सभी देवी-देवताओं का वास होता है। पौराणिक समय से ही इस पेड़ को बहुत ही पूजनीय माना जाता है। इस पेड़ को अक्षयवट भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस वृक्ष में त्रिदेव यानी ब्रह्मा, विष्णु, महेश विराजते हैं। बरगद के पेड़ को बहुत ही पवित्र और दैव शक्तियों वाला माना जाता है। कुछ खास व्रत- त्योहारों में बरगद के पेड़ की पूजा भी की जाती है।

ज्योतिष शास्त्र में बरगद के पेड़ से जुड़े कुछ ऐसे उपाय बताए गए हैं जिनका इस्तेमाल कर आप अपना भाग्य भी चमका सकते हैं। इस पेड़ से जुड़े कुछ खास उपाय नौकरी और धन की समस्या को भी दूर करते हैं।ं.

बरगद के पेड़ के उपाय-

- बरगद बहुत लम्बी आयु का वृक्ष है और इसे लगाना बहुत पुण्य का काम माना जाता है। हालांकि इसे कभी भी घर के अंदर नहीं लगाना चाहिए। इसे घर के बाहर खुली जगह पर ही लगाना चाहिए।

- अगर आप व्यापार में हैं और आपको लगातार घाटा हो रहा है या फिर नौकरी में सफलता नहीं मिल रही है, तो बरगद के पेड़ के नीचे घी का दीपक जलाएं। माना जाता है कि ऐसा करने से व्यक्ति के सारे काम बनने लगते हैं।

- अगर आपके काम अक्सर बनते-बनते बिगड़ जाते हैं, तो रविवार के दिन बरगद के पत्ते पर अपनी मनोकामना लिखें और इसे किसी नदी में प्रवाहित कर दें। ऐसा करने से मनोकामनाओं की जल्द पूर्ती होती है।

- धन का अक्सर अभाव रहता है या फिर हाथ में पैसा नहीं टिकता है तो शनिवार के दिन बरगद के तने पर हल्दी और केसर चढ़ाएं। ऐसा करने से धन प्राप्ति के योग बनने लगते हैं।

- घर में अक्सर कलह होता है या फिर घर में अक्सर लड़ाई-झगड़े होते हैं तो हर दिन शाम के समय बरगद के नीचे शुद्ध घी का दीपक जलाकर भगवान विष्णु का ध्यान करें। ऐसा करने से घर से सारी कलह खत्म हो जाती है और लड़ाई-झगड़े बंद हो जाते हैं।

- अगर आप अक्सर मानसिक तनाव में रहते हैं तो बरगद के नीचे हनुमान चालीसा का पाठ करें। इससे भय खत्म होता है और मानसिक तनाव से भी छुटकारा मिलता है।

हिंदू धर्म में इसे पूजनीय वृक्ष माना गया है। मान्यता है कि इसी वृक्ष से यक्षों के राजा मणिभद्र उत्पन्न हुए। बरगद पेड़ की छाल में भगवान विष्णु, जड़ में ब्रह्मा और इसकी शाखाओं में भगवान शिव वास करते हैं। इसलिए माना जाता है इस वृक्ष में त्रिदेवों का वास होता है।

हिंदू धर्म में बरगद वृक्ष की पूजा करना बहुत ही फलयादी माना गया है। इसकी पूजा करने से त्रिदेवों का आशीर्वाद प्राप्त होता है, शनि की पीड़ा से मुक्ति मिलती है, नौकरी-व्यापार में लाभ होता है, दांपत्य जीवन में खुशहाली आती है और संतान सुख की प्राप्ति होती है। कहा जाता है कि हर व्यक्ति को अपने जीवनकाल में कम से कम एक बरगद का वृक्ष जरूर लगाना चाहिए, इससे पुण्य फल की प्राप्ति होती है और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

Comments