चंद्रमा मजबूत करने के लिए फाल्गुन मास में करें ये उपाय || Vaibhav Vyas


 चंद्रमा मजबूत करने के लिए फाल्गुन मास में करें ये उपाय

धार्मिक मान्यता है कि फाल्गुन मास में ही चंद्रमा यानी कि चंद्र देव का जन्म हुआ था। ऐसे में इस माह के दौरान कुछ विशेष उपाय करने से कुंडली में चंद्रमा की स्थिति प्रबल होती है।

यदि आपकी कुंडली में चंद्रमा दुर्बल अवस्था में विराजमान हैं या फिर आप दुर्बल चंद्रमा के कारण परेशानियों का सामना कर रहे हैं तो फाल्गुन मास के दौरान सफ़ेद वस्तुओं का दान ज़रूर करें। दान में आप सफेद फूल, दही, सफेद शंख, चीनी, चावल, सफेद चंदन, सफेद कपड़े आदि चीज़ें दे सकते हैं। ऐसा करने से कुंडली में चंद्रमा मज़बूत होंगे और आपको शुभ फलों की प्राप्ति होगी।

फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को चंद्र देव के दर्शन अवश्य करें और चन्द्र देव को अघ्र्य देवे। इसके बाद चांद की रोशनी में बैठकर चंद्र देव के मंत्रों का स्पष्ट उच्चारण करें। इससे भी कुंडली में चंद्रमा की स्थिति प्रबल होती है।

इसके अलावा फाल्गुन मास के दौरान प्रतिदिन शिवलिंग पर जल चढ़ाने से चंद्रमा की स्थिति प्रबल होती है।

चंद्र देव के उत्तम फल प्राप्त करने के लिए फाल्गुन मास के दौरान हर सोमवार को भगवान शिव की पूजा करें और व्रत रखें। ऐसा करने से आपको मानसिक शांति मिलेगी और साथ ही आपका क्रोध भी नियंत्रित होगा।

चंद्रमा की स्थिति को संतुलित करना हो या फिर उसकी ताकत को बढ़ाना हो, दोनों ही मामलों में रत्न उपयोगी सिद्ध होते हैं। मसलन अगर आपकी कुंडली में चंद्रमा असंतुलित है तो आपको कम से कम 10 रत्ती का मोती धारण करना चाहिए। चिकने, सुडौल और चमकीले मोती को चांदी की अंगूठी में जड़वाकर आप सोमवार के दिन अपनी कनिष्ठिका अंगुली में धारण करें। इससे आपके कुंडली में चंद्रमा की स्थिति में सुधार जाएगी। अगर किसी कारणवश आप मोती नहीं खरीद पा रहे हैं तो मोती के उपरत्न मून स्टोन को भी पहन सकते हैं। आप इसे चांदी की अंगूठी में डालकर पहन भी सकते हैं और चांदी का लॉकेट बनवाकर गले में भी पहन सकते हैं।

रत्न के अलावा आप रंगों के द्वारा भी कमजोर चंद्रमा की वजह से हो रही परेशानियों से मुक्ति पा सकते हैं। सफेद और स्लेटी रंग चंद्रमा का प्रतीक होते हैं। इसके अलावा चमकीला नीला, हरा और गुलाबी रंग, आसमानी रंग भी लाभदायक सिद्ध हो सकते हैं। जिन लोगों का चंद्रमा कमजोर होता है उन्हें काले और लाल रंग से परहेज रखना चाहिए।

फूलों के प्रयोग से भी चंद्रमा को मजबूती मिलती है। कुछ फूल जैसे चंदन, लिली, चमेली, कमल आदि फूलों की सुगंध का प्रयोग भी चंद्रमा की स्थिति को मजबूत करता है।

Comments