पूर्णिमा पर करें राशि अनुसार दान-पुण्य || Vaibhav Vyas


 पूर्णिमा पर करें राशि अनुसार दान-पुण्य

वैशाख शुक्ल पूर्णिमा को बुद्ध पूर्णिमा या पीपल पूर्णिमा भी कहा जाता है। इस बार ये पूर्णिमा 16 मई को है। वैशाख मास की पूर्णिमा बहुत ही खास होती है। इस साल 15 मई रविवार को व्रत की पूर्णिमा रहेगी यानी इस दिन व्रत करना उत्तम माना जाता है। वहीं दूसरे दिन 16 मई सोमवार को स्नान दान की पूर्णिमा रहेगी। मान्यता है कि इस दिन स्नान दान करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, वैशाख मास की पूर्णिमा पर यदि राशि अनुसार दान किया जाए तो शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इसी वजह से पूर्णिमा के दिन राशि अनुसार चीजों का दान करना श्रेयष्कर रहता है।

मेष- ज्योतिष के अनुसार, मेष राशि के जातकों को वैशाख पूर्णिमा के दिन प्यासे लोगों के लिए पानी पीने की व्यवस्था करनी चाहिए। जैसे प्याऊ लगवाएं या किसी स्थान पर मटकों में पानी भरकर रखें।

वृषभ- इस राशि के जातक इस दिन जरूरतमंदों को चप्पल, जूते, छाता आदि का दान करें। इससे इन्हें शुभ फल मिल सकते हैं।

मिथुन- मान्यता के अनुसार, वैशाख पूर्णिमा पर मिथुन राशि के जातकों को ऋतु फल जैसे आम, तरबूज, खरबूजा आदि का दान करें।

कर्क- वैशाख पूर्णिमा पर कर्क राशि के जातकों को राहगीरों को छतरी का दान करना चाहिए। धर्म ग्रंथों के अनुसार, वैशाख माह में छाया प्रदान करने वाली चीजों का दान करने से भगवान विष्णु की कृपा बनी रहती है।

सिंह- सिंह राशि के जातकों को गरीबों को सत्तू दान करना चाहिए। इसके अलावा संभव हो तो साबूत अनाज का दान भी कर सकते हैं। इससे इनकी मनोकामना पूरी हो सकती है।

कन्या- कन्या राशि के जातकों को अनाथ आश्रम या बाल आश्रम में ठंडक पहुंचाने वाली चीजों जैसे- पंखा, कूलर के अलावा अनाज का दान करें। इससे इन्हें शुभ फल मिल सकते हैं।

तुला- मान्यता के अनुसार, तुला राशि के लोगों को वैशाख पूर्णिमा पर छाया देने वाले पेड़ लगाने चाहिए। 

वृश्चिक- वैशाख पूर्णिमा पर वृश्चिक राशि के जातक मटके के ऊपर तरबूज या खरबूज रखकर ब्राह्मण को दान करें। ऐसा करना शुभ माना जाता है।

धनु- इस राशि के लोग मंदिर के बाहर श्रृद्धालुओं के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था करें। मान्यता है कि इससे इनके जीवन में भी शीतलता बनी रहेगी।

मकर- वैशाख पूर्णिमा पर मकर राशि के लोग पशु-पक्षियों के लिए पानी का इंतजाम करें। धार्मिक मान्यता है कि इससे त्रिदेव प्रसन्न होकर सभी मनोकामना पूरी करते हैं।

कुंभ- कुंभ राशि के लोग वैसाख पूर्णिमा की शुभ तिथि पर जरूरतमंदों को सूती वस्त्रों का दान करें। मान्यता है कि इससे शनिदेव प्रसन्न होकर शुभ फल प्रदान करते हैं।

मीन- इस राशि के जातकों को तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाओं के निमित्त यत्न करने चाहिए, जिससे शुभ फलों की प्राप्ति होने वाली रहती है।

Comments