होली पर मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए करें पूजा-आराधना || Vaibhav Vyas


 होली पर मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए करें पूजा-आराधना

होली का त्योहार इस बार 9 और 10 मार्च को मनाया जाएगा। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस त्योहार पर जहां विशेषकर श्रीकृष्ण की पूजा-उपासना का विधान है वहीं साथ ही गणेशजी, शिवजी, मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की भी पूजा विधि-विधान से करने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि का वास होता है और मनोकामनाएं पूर्ण होती है।

होली पर भगवान कृष्ण और राधा की विशेष रूप से पूजा की जाती है। उन्हें घर के मुख्य द्वार पर भी स्थापित कर सकते हैं। होली के शुभ अवसर पर राधा-कृष्ण जी की पूजा में रंग और पिचकारी को शामिल किया जाना चाहिए। इससे पति-पत्नी के संबंधों में मिठास बढ़ती है और परिवार में सुख-समृद्धि आती है।

सृष्टि के पालनहार भगवान विष्णु को होली के अवसर पर प्रसन्न करने के लिए पूजा-पाठ के पश्चात बताशे का भोग लगाने से उनकी कृपा मिलती है। साथ ही माता लक्ष्मी को भी पीले या फिर सफेद मिष्ठान का भोग लगाया जाना चाहिए।

होली के शुभ अवसर पर सभी देवों में सर्वप्रथम पूज्य गणपति बप्पा को भी प्रसन्न करने के लिए उनकी विधि-विधान से पूजा करने के साथ ही आप गणेशजी को प्रिय ठंडाई का भोग लगाएं। इससे बप्पा प्रसन्न होकर आपकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करेंगे।

भोलेबाबा को प्रसन्न करने के लिए होली के शुभ मौके पर भगवान शिव के मंदिरों में चिता की राख और रंगों से होली खेलने की परंपरा है। आप घर पर भी शिवपूजा करके उन्हें प्रसन्न कर सकते हैं। घर के मंदिर में भगवान शिव की तस्वीर या प्रतिमा पर होलिका दहन की राख चढ़ाकर आप भोलेबाबा को प्रसन्न कर सकते हैं।

होली पर हनुमानजी के मंदिरों में पूजापाठ से जुड़े विशेष प्रकार के आयोजन होते हैं। हनुमानजी को इस दिन चोला चढ़ाया जाता है और गुड़ से बनी मीठी रोटियों का भोग लगाया जाता है। होली के मौके पर आप घर के पूजास्थल में हनुमानजी को सिंदूरी रंग का गुलाल या फिर रंग चढ़ा सकते हैं।

इस दिन मां दुर्गा की पूजा-आराधना के साथ होली पर मां दुर्गा को आप लाल चुन्नी या फिर साड़ी भी चढ़ा सकते हैं और बाद में यह साड़ी आप किसी जरूरतमंद को दान कर दें। ऐसा करने से मां दुर्गा की विशेष कृपा प्राप्त होगी और आपके सारे कष्ट दूर होंगे।

होली पर सुख-समृद्धि की प्राप्ति के लिए आपको भगवान राम की विशेष प्रकार से पूजा करनी चाहिए और साथ ही होली की अग्नि में भूनी गईं गेहूं की बालियों का भी भोग लगाना चाहिए। भगवान आपके भंडार सदैव भरे रखेंगे और आपको कभी पैसों की कमी नहीं होगी।

Comments