पूजा-पाठ और दान-पुण्य से होगी परेशानियां दूर || Vaibhav Vyas


 पूजा-पाठ और दान-पुण्य से होगी परेशानियां दूर

होली का त्योहार लोगों के जीवन में खुशी और उल्लास लेकर आता है। हिंदू धर्म में होली का बहुत महत्व होता है। ये फाल्गुन मास की पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है। इस बार होली 18 मार्च को मनाई जाएगी, वहीं होलिका दहन 17 मार्च को किया जाएगा। ये दिन बहुत ही शुभ माना जाता है। इस दिन लोग विधि-विधान के साथ पूजा पाठ करते हैं। ऐसा माना जाता है ऐसा करने से उनके जीवन की सभी परेशानियां दूर हो जाती है। उन्हें हर काम में सफलता मिलती है। होलिका दहन वाले दिन को छोटी होली के नाम से भी जाना जाता है. ज्योतिष शास्त्रों की मानें तो इस दिन अलग-अलग तरह के उपाय करने से जीवन की सभी आर्थिक परेशानियों से निजात पाई जा सकती है।

होलिका दहन पर इस बार बन रहे सर्वश्रेष्ठ शुभ योग और मुहूर्त में विधि विधान से पूजा-पाठ करने से समस्त कठिनाइयों से पार पाया जा सकता है। कामकाजी जीवन में आशातीत सफलता नहीं मिल रही हो तो होलिका दहन की पूजा के दौरान नारियल के साथ पान और सुपारी भी अर्पित करें, इससे आपको बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

नहाने-धोने के बाद साफ कपड़े पहनकर होलिका दहन करें। इसके बाद एक नारियल लें, इसे अपने और अपने परिवार के सभी सदस्यों पर सात बार वार लें। होलिका दहन की अग्नि में इस नारियल को डाल दें, इसके बाद सात बार होलिका की परिक्रमा करें। इसके बाद भगवान को फ्रूट्स हो या मिठाई का भोग लगाएं। इससे नौकरी और व्यापार में आ रही सभी परेशानियां दूर होंगी।

होलिका दहन के दिन अलसी, गेहूं, मटर और चनों को आग में डालने से धन की तंगी दूर होती है। वहीं होली के दिन मोती शंख को स्नान कराकर इसकी पूजा करने से पैसों से जुड़ी सभी परेशानियां दूर होती हैं। ये तो सभी जानते हैं कि होली के त्यौहार की शुरुआत होलिका दहन से ही होती है। इसलिए घर परिवार में सुख-समृद्धि की कामना के लिए होलिका दहन के दिन भगवान विष्णु को फल-फूल और प्रसाद के रूप में मेवा और मिठाई जरूर चढ़ाएं।

दान-पुण्य की महिमा वैसे भी रहती है, किन्तु किसी भी त्यौहार पर इसका शुभाशुभ फल और अधिक बढ़ जाता है इसलिए इस दिन गरीबों और जरूरतमंदों को दान देना बहुत शुभ माना जाता है। इससे परिवार में सुख-शांति और खुशहाली प्राप्त होती है। इसलिए इस दिन गरीबों को दान जरूर दें।

Comments