शनिवार के दिन दान से शनि देव की कृपा से दूर होंगी परेशानियां || Vaibhav Vyas


शनिवार के दिन दान से शनि देव की कृपा से दूर होंगी परेशानियां

हिन्दू धर्म में शनिवार का दिन शनि देव की आराधना के लिए समर्पित माना जाता है। शनिवार के दिन शनि से जुड़ी कुछ चीजों का दान करके शनि देव को प्रसन्न किया जा सकता है और जीवन की परेशानियों से छुटकारा पाया जा सकता हैं।

हिन्दू धर्म में शनिवार का दिन न्याय के देवता शनि देव की आराधना के लिए समर्पित माना जाता है। शनिदेव को शास्त्रों में न्यायधीश कहा गया है यानी न्याय करने वाला। कहा जाता है कि मनुष्य को उसके बुरे कर्मों का फल शनि देव ही देते हैं। मान्यता है कि अगर शनि देव प्रसन्न हों, तो रंक को राजा बना देते हैं, लेकिन अगर वो नाराज हो गए तो राजा को भी रंक बनाने में देर नहीं लगती। शनिवार के दिन शनि से जुड़ी कुछ चीजों का दान करके शनि देव को प्रसन्न किया जा सकता है और जीवन की परेशानियों से छुटकारा पाया जा सकता है।

सरसों का तेल करें दान- शनि देव के लिए सरसों के तेल का दान काफी अच्छा माना जाता है। अगर शनि के चलते आपका कोई काम रुका हुआ है या जीवन में सफलता हाथ नहीं आ रही, तो सरसों के तेल का दान जरूर करें। शनिवार के दिन सुबह लोहे के बरतन में सरसों का तेल लें और उसमे एक रुपए का सिक्का डालें। फिर तेल में अपना चेहरा देखकर किसी गरीब को दान कर दें या पीपल के पेड़ के नीचे रख दें। शनिवार को पीपल के नीचे सरसों के तेल का दीप भी जलाना चाहिए।

काली उड़द दाल और काले तिल का दान- शनिवार को शाम के वक्त सवा किलो काली उड़द दाल या काला तिल किसी गरीब को दान करने से शनि के कारण धन से जुड़ी दिक्कतों से निजात मिलती है। उड़द दाल या काले तिल का दान आपको कम से कम पांच शनिवार तक करना है, लेकिन ध्यान रहे जिस शनिवार को आप काली दाल या काला तिल दान करें रहे हैं, उस दिन खुद इसका सेवन न करें।

लोहे के बर्तनों का दान- शनि की समस्या के लिए जो भी दान किए जाते हैं, उनमें खाना बनाने के लोहे के बर्तन खास महत्व रखते हैं। ऐसा माना जाता है कि शनिवार को शाम के वक्त किसी गरीब को तवा, कड़ाही या लोहे के बर्तन दान करने से दुर्घटना के योग टल जाते हैं।

काले कपड़े और जूतों का दान- स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतें हैं और बीमारी ने घर कर लिया है, तो काले कपड़ों का दान करना चाहिए। शनिवार को शाम के वक्त किसी गरीब व्यक्ति को काले कपड़े और जूते दान करने से लाभ मिलेगा। साथ ही शनिवार के दिन व्रत करके शनि मंदिर में जाकर शनि देव को तिल और सरसों का तेल चढ़ाना चाहिए, जिससे उनकी कृपा के पात्र बन सकेंगे। 

Comments